हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर जिले के सुजानपुर में आयोजित होने जा रहे होली मेले को लेकर हिंदू एकता मंच ने प्रशासन के समक्ष विभिन्न मांगें रखी हैं।गुरुवार को मंच के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपकर मेले के आयोजन से संबंधित कई मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि एक से चार मार्च तक आयोजित होने वाले होली मेले में मांसाहार की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। मंच का तर्क है कि यह मेला सनातन धर्म, वैदिक संस्कृति और देव परंपराओं से जुड़ा धार्मिक आयोजन है। उनका कहना है कि किसी भी मेले की शुरुआत स्थानीय मंदिर में पूजा-अर्चना, ध्वज पूजन और ध्वजारोहण से होती है, जो इसकी धार्मिक प्रकृति को दर्शाता है। ऐसे में मेले में मांसाहार की बिक्री धार्मिक भावनाओं के विपरीत है।
मंच ने प्लॉट आवंटन प्रक्रिया में भी बदलाव की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि मेले में दुकानें लगाने के लिए स्थानीय और हिमाचली व्यापारियों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही यह भी मांग रखी गई कि चूंकि मेला एक धार्मिक आयोजन है, इसलिए गैर-हिंदुओं को प्लॉट आवंटन में प्रतिबंधित किया जाए।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सुझाव दिए गए हैं। मंच ने मेले क्षेत्र में आने वाले प्रवासियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके लिए एक विशेष टीम गठित करने का सुझाव दिया गया है, ताकि भीड़भाड़ की स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर मंच ने कहा कि मेले में प्रस्तुति के लिए केवल हिमाचली कलाकारों को आमंत्रित किया जाए। उनका कहना है कि स्थानीय कलाकार ही देव संस्कृति और परंपराओं को सही रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। हिमाचली लोकगाथा गायकों को विशेष रूप से मंच देने की भी मांग की गई है। साथ ही कलाकारों को अनुबंधित करने में इवेंट मैनेजर या ब्रोकर की बजाय मेला समिति द्वारा सीधे संपर्क करने की बात कही गई है। कलाकारों को न्यूनतम सम्मानजनक पारिश्रमिक दिए जाने की भी मांग उठाई गई।
मंच ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मंच से किसी प्रकार की अश्लीलता या फूहड़ प्रस्तुति न हो तथा सनातन धर्म या देव समाज के विरुद्ध कोई टिप्पणी न की जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच तथा बाल मजदूरी अधिनियम के पालन पर भी जोर दिया गया।
मंच के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि हिमाचल सरकार की अधिसूचना के अनुसार मेलों में कलाकारों को अनुबंधित करने के लिए इवेंट मैनेजर या ब्रोकर का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन प्रशासन द्वारा इसका उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने इन मुद्दों पर प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है।
