Una, Rakesh ( TSN)-हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सर्किट हाउस ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच चल रही वर्तमान तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनज़र शिमला समझौते की प्रासंगिकता को बनाए रखने की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक समझौते को किसी भी स्थिति में कमजोर नहीं पड़ने देना चाहिए, क्योंकि यही भारत-पाक मुद्दों के समाधान का मूल सिद्धांत है।
शिमला समझौते को बचाए रखने की उठी मांग
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 1972 में इंदिरा गांधी और जुल्फिकार अली भुट्टो के बीच हुए शिमला समझौते के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच सभी मुद्दों का समाधान केवल द्विपक्षीय बातचीत के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस समझौते की गरिमा पर कोई आंच नहीं आने देगी और किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आतंकवाद के खिलाफ की गई कार्रवाई पर उन्हें केंद्र सरकार पर भरोसा है, लेकिन राष्ट्रीय हित के मामलों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर में घायल हुए दो वीर जवानों के परिजनों से की मुलाकात
इसके बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में घायल हुए हरोली विधानसभा क्षेत्र के दो वीर जवानों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बाथू गांव में बीएसएफ उप निरीक्षक व्यास देव के घर जाकर उनकी पत्नी से मुलाकात की और उनके शौर्य को नमन किया। उप निरीक्षक व्यास देव ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे और वर्तमान में आर्मी अस्पताल जम्मू में उपचाराधीन हैं।इसके बाद उपमुख्यमंत्री छेत्रा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सिख रेजिमेंट के घायल जवान गुरनाम सिंह उर्फ ‘रोमी’ के परिजनों से भेंट कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर जवानों का समर्पण ही देश की असली ताकत है, और सरकार हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
