Shimla, (TSN):भारत-पाक तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब देश में तुर्की के साथ व्यापारिक संबंधों पर सवाल उठने लगे हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने केंद्र सरकार से तुर्की से आने वाले सेब पर 100 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखेंगे।
सेब बाजार पर असर डाल रहा तुर्की से आयात
नरेश चौहान ने कहा कि तुर्की से भारी मात्रा में सेब भारत में आयात किया जाता है, जिससे हिमाचल के बागवानों को उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में सरकार को यह तय करना होगा कि क्या उन देशों से व्यापार जारी रखा जाए, जो भारत के विरोध में खड़े हैं।
युद्धविराम पर उठे सवाल
उन्होंने कहा कि भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में जिस प्रकार से पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई हुई, उससे पूरे देश में एकजुटता की भावना थी। लेकिन युद्धविराम के फैसले पर अमेरिका की भूमिका और दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच संवाद की कमी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चौहान ने कहा कि “जब युद्ध शुरू हुआ तो विपक्ष पूरी तरह से सरकार के साथ खड़ा था, फिर युद्धविराम का निर्णय सर्वदलीय बैठक के माध्यम से क्यों नहीं हुआ?”
चीन और तुर्की के रवैये पर चिंता
उन्होंने यह भी पूछा कि जब चीन और तुर्की जैसे देश खुले तौर पर पाकिस्तान का समर्थन कर रहे हैं, तो क्या भारत को इन देशों से व्यापारिक संबंध बनाए रखने चाहिए? उन्होंने कहा कि तुर्की का समर्थन पाकिस्तान को एक अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर ताकत देने जैसा है और इसके खिलाफ सख्त व्यापारिक नीति अपनाने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री भेजेंगे पत्र
नरेश चौहान ने कहा कि हिमाचल सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू केंद्र सरकार से आग्रह करेंगे कि तुर्की से आने वाले सेब पर 100% आयात शुल्क लगाया जाए।
