काँगड़ा/धर्मशाला (TSN)-: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि अपना एक चौथाई कार्यकाल पूरा करने के बावजूद प्रदेश और प्रदेशवासियों का हित उनकी प्राथमिकता में कहीं नहीं है। सरकार सिर्फ़ अपने विधायकों और मंत्रियों को संतुष्ट करने में लगी है । जबकि प्रदेश के लोग सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण सड़कों पर उतर गये हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अपने पहले फ़ैसले से लेकर अब तक इस सरकार ने एक भी जनहित के काम नहीं किए हैं। आज 14 महीनें के कार्यकाल में कांग्रेस के पास लोगों को बताने के लिए एक भी काम नहीं हैं। जिसे बताकर प्रदेश के लोगों को कह सकें कि हमने भी कुछ किया है। सिर्फ़ पिछली सरकार को कोस कर कांग्रेस के लोग सरकार चलाना चाह रहे हैं। आज विपक्ष ही नहीं कांग्रेस के विधायक और महत्वपूर्ण पदाधिकारी सरकार की कार्यप्रणाली और नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं। इस सरकार से न प्रदेश के लोग खुश हैं नहीं कांग्रेस के विधायक मंत्री और पार्टी के नेता और पदाधिकारी। ऐसे में कांग्रेस का क्या भविष्य हो सकता है। अपने ही नेताओं द्वारा सरकार पर सवाल उठाना सरकार के नाकामी की कहानी कहने के लिए काफ़ी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार देश के लोग प्रधानमंत्री को ऐतिहासिक जनमत के साथ विजयी बनाएँगे और इसमें हिमाचल प्रदेश के हर बूथ से बीजेपी को जीत मिलेगी।
