राकेश,ऊना: जैसे-जैसे विधानसभा चुनावों का समय नज़दीक आता जा रहा है वैसे-वैसे प्रदेश में सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है। नेता आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे है। बयानबाजी का दौर भी खूब चल रहा है। इसी बीच अब नेता प्रतिपक्ष की ओर से मुख्यमंत्री को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा नेता ने भी पलटवार किया है। नेता प्रतिपक्ष के बयान बीजेपी नेता देवेंद्र सिंह राणा ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि मुकेश अग्निहोत्री कहते है कि जयराम ठाकुर सम्मान से बात करें। उन्होंने पूछा कि मुकेश अग्निहोत्री बताएं कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहां और किसके लिए अपमानजनक बात कही। जय राम ठाकुर एक बहुत ही सरल शालीन एवं नम्र स्वभाव के मुख्यमंत्री है।
देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि सम्मान से बात करने की नसीहत देने की बात वो मुकेश अग्निहोत्री कर रहे है, जो सार्वजनिक मंच से जयराम ठाकुर के लिए तू-तड़ाक की भाषा का इस्तेमाल करते है। जो विधानसभा के बाहर राज्यपाल की गाड़ी का बोनट ठोंकते नज़र आते है और सुरक्षा अधिकारी को धक्का देते है। देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री की यह हरकतें पूरे प्रदेश की जनता सोशल मीडिया पर देख चुकी है।
राणा ने कहा कि यदि आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरभद्र सिंह मॉडल की पोल खोली है तो उसमें क्या गलत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता खुद मंच से कहते है कि वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे। अब जब सीएम जयराम ठाकुर कांग्रेस से सवाल कर रहे है कि छह बार मुख्यमंत्री रहने के बाद भी वो लोगों के इलाज के लिए हिमकेयर, सहारा योजना सहित शगुन, स्वावलंबन जैसी योजनाएं नहीं चला सके तो फिर वीरभद्र सिंह ने कैसा विकास किया। छह बार मुख्यमंत्री रहने के बाद भी हिमाचल में इतना कर्ज क्यों है और इतने बेरोजगार है तो आखिर वीरभद्र सिंह ने अपने इतने लंबे कार्यकाल में क्या किया।
देवेंद्र सिंह राणा ने सवाल पूछा कि आज मुकेश अग्निहोत्री कह रहे है कि हम ये कर देंगे हम वो कर देंगे। यह काम 2012 से 2017 के दौरान वीरभद्र सरकार में मुकेश अग्निहोत्री क्यों नहीं कर पाए? क्या मुकेश अग्निहोत्री यह कहना चाह रहे है कि जो काम वीरभद्र सिंह छह बार मुख्यमंत्री रहने के बाद भी नहीं कर सके वो काम मुकेश अग्निहोत्री चुटकी बजाते हुए कर देंगेे ? यानी छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अक्षम नेता थे। इसका यही अर्थ है कि मुकेश अग्निहोत्री खुद को बड़ा नेता समझते है और वीरभद्र सिंह को छोटा नेता। उन्होंने कहा कि जनता मुकेश के सारे खोखले बयान और वादे अच्छे से समझती है और उन्हें पता है कि भाजपा का नेतृत्व कैसे देश और प्रदेश को आगे ले जा रहा है इस चुनाव में भी भाजपा की जीत निश्चित है।
