बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: श्री नैना देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन सुबह सुबह श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। आज दूसरी नवरात्रि के उपलक्ष्य पर ब्रह्मचारिणी स्वरूप माता की पूजा की जा रही है। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में नवरात्र पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि प्रथम नवरात्रि के उपलक्ष्य पर भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए।

लगभग 25000 से ज्यादा श्रद्धालु माता के दरबार में नतमस्तक हुए। दूसरे नवरात्रि के दिन भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु जिला प्रशासन मंदिर न्यास नगर परिषद और अन्य विभागों के द्वारा पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। मंदिर में कड़ा प्रसाद और नारियल चढ़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है और लाइनों में ही श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करवाए जा रहे है।
