बिलासपुर: सुभाष ठाकुर – पुलिस प्रशासन ने आपदा के समय प्रदेशभर में बेहतर कार्य किया है। जिसके चलते बिलासपुर पुलिस के अलावा प्रदेश भर के पुलिस जवान बधाई के पात्र हैं। यह बात बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में डीजीपी संजय कुंडू ने कही। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में बरसात के चलते आई आपदा के दौरान पुलिस कर्मियों ने बेहतर कार्य करते हुए 70000 पर्यटकों को रेस्क्यू किया है। वहीं इसके अलावा 1200 गाड़ियां रिकवर की है।
डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि पुलिस कर्मियों ने 29 देशों के 687 विदेशी पर्यटकों को भी रेस्क्यू किया है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर पुलिस और प्रदेश पुलिस की ओर से अपराध को रोकने के लिए भी बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं उन्होंने बिलासपुर जिला के तहत भगेड़ में ट्रैफिक पुलिस स्टेशन खोलने को लेकर भी कहा कि 15 अगस्त से यह पुलिस स्टेशन सुचारू रूप से कार्य करना शुरू कर देगा। सदर थाना से ही फिलहाल इस थाने को चलाया जाएगा। वही जल्द ही एम्स बिलासपुर में भी पुलिस चौकी स्थापित कर दी जाएगी। इसके लिए एम्स प्रशासन के साथ पत्राचार चला हुआ है। उन्होंने कहा कि अपराधिक गतिविधियों को नियंत्रित करने को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि इसके अलावा बरसात के मौसम में हुए नुकसान या फिर अन्य प्रक्रिया को देखते हुए बसी बटालियन की ओर से सतलुज नदी के किनारे सर्च अभियान चलाया जाएगा। वही इसके अलावा पुलिस प्रशासन की ओर से आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं।
