Shimla, Sanju (TSN)-हिमाचल प्रदेश सरकार ने राजधानी शिमला के तारा देवी क्षेत्र को ‘ग्रीन एरिया’ घोषित कर दिया है। इसके साथ ही सरकार धर्मशाला और कुल्लू के चुनिंदा हिस्सों को भी ग्रीन जोन घोषित करने की तैयारी में है। ग्राम एवं नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्मानी ने यह जानकारी दी।
मंत्री धर्मानी ने स्पष्ट किया कि ग्रीन जोन में किसी भी प्रकार का नया निर्माण प्रतिबंधित रहेगा। पहले से बने भवनों में केवल सीमित मरम्मत की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और प्रदेश की हरियाली को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।उन्होंने यह भी बताया कि टीसीपी क्षेत्रों में अवैध निर्माण को अब किसी तरह की राहत नहीं दी जाएगी। नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों को कोई रियायत नहीं मिलेगी। केवल 10 प्रतिशत तक के निर्माण विचलन की छूट ही मान्य होगी।
