Mandi, dharamveer (TSN)- हिमाचल प्रदेश के श्री नैणादेवी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं पार्टी के मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की है। मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि यदि सरकार निर्दोष है, तो सीबीआई जांच से डरने की क्या जरूरत है?
एसपी के आरोपों पर भी खामोश सरकार
रणधीर शर्मा ने शिमला के एसपी द्वारा अपने उच्चाधिकारियों पर लगाए गए आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि एक अधिकारी जब खुले तौर पर नियमों को दरकिनार कर मीडिया में इस तरह के गंभीर आरोप लगा रहा है, तो यह बेहद गंभीर विषय है। बावजूद इसके, सरकार न तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई कर रही है और न ही लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच हो रही है।
विमल नेगी मौत मामला बना सरकार के लिए संकट
उन्होंने कहा कि इंजीनियर विमल नेगी की मौत के बाद पैदा हुई परिस्थितियाँ दर्शाती हैं कि सरकार कुछ लोगों को बचाने में लगी है। मामले में न तो सही ढंग से जांच हो रही है और न ही पारदर्शिता दिखाई जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीबीआई जांच के विरोध से साफ है कि सरकार के पास छुपाने के लिए बहुत कुछ है।
भाजपा नेताओं की मौजूदगी में हुआ हमला तेज
इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता अजय राणा, मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा और अन्य प्रमुख भाजपा नेता भी उपस्थित रहे। रणधीर शर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों के बाद अब मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है, लेकिन प्रदेश सरकार के मंत्री ही सीबीआई जांच का विरोध कर रहे हैं। यह दर्शाता है कि कहीं न कहीं सरकार स्वयं संदेह के घेरे में है।
