Dharamshala, Rahul chawla-धर्मशाला में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एक अत्याधुनिक बस वर्कशॉप का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। करीब 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और यदि निर्माण कार्य वर्तमान गति से चलता रहा, तो अगले दो से ढाई महीनों में यह स्मार्ट वर्कशॉप पूरी तरह तैयार हो जाएगी।
इस आधुनिक वर्कशॉप में लगभग 65 बसों के पार्किंग की व्यवस्था होगी, जिससे सड़कों के किनारे बसों की अव्यवस्थित पार्किंग से निजात मिलेगी। खास बात यह है कि वर्कशॉप में इलेक्ट्रिक बसों के लिए भी अलग चार्जिंग स्टेशन और गोदाम की व्यवस्था की जा रही है।
ये होंगी मुख्य सुविधाएं:
- 15 इंस्पेक्शन पिट: ग्राउंड फ्लोर पर 15 बसों की एक साथ मरम्मत की सुविधा।
- विभिन्न ट्रेड के मैकेनिक कक्ष: हर तकनीकी विशेषज्ञ के लिए अलग कार्य कक्ष।
- एडमिन ब्लॉक और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर: फर्स्ट फ्लोर पर इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग की सुविधा के साथ प्रशासनिक ब्लॉक का निर्माण भी जारी।
फिलहाल ग्राउंड फ्लोर लगभग पूरा हो चुका है, जिसमें केवल बिजली फिटिंग और पेंटिंग कार्य बाकी है। वहीं, फर्स्ट फ्लोर और एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक पर तेजी से काम हो रहा है।उम्मीद की जा रही है कि यह वर्कशॉप न केवल एचआरटीसी बसों की मरम्मत और रखरखाव को आसान बनाएगी, बल्कि स्मार्ट सिटी धर्मशाला के बुनियादी ढांचे को और भी मजबूती देगी।
