Kangra, Sanjeev-:शिव भूमि सेवादल कमेटी (खडामुख) मणिमहेश के तत्वावधान में डिब्केश्वर महादेव मंदिर, सुलयाली में 13वां शिव नुआला एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन श्रद्धा और आस्था के वातावरण में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में नूरपुर, आसपास के क्षेत्रों तथा जिला चम्बा के भरमौर क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
शिव भूमि सेवादल कमेटी के तत्वावधान में भव्य 13वां शिव नुआला एवं भंडारा संपन्न
कार्यक्रम की शुरुआत मकोडजमन माता मंदिर से डिब्केश्वर महादेव मंदिर तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण से सराबोर हो गया।शाम के समय निकाली गई शोभायात्रा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। शिव नुआले में पारंपरिक लोकवाद्य यंत्रों, पहाड़ी लोकधुनों और पारंपरिक गायन शैली का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिसने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।इस अवसर पर पंडित सुमन ने बताया कि शिव भूमि सेवादल कमेटी का मुख्य उद्देश्य प्राचीन धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को संजोकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह वर्ष कमेटी के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि संस्था ने अपने 12 वर्ष पूर्ण कर 13वें वर्ष में प्रवेश किया है।उन्होंने आगे बताया कि शिव नुआला भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है, जो पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है।
मान्यता है कि संन्यास ग्रहण करने से पूर्व व्यक्ति को गृहस्थ जीवन में रहकर अपनी श्रद्धा और सेवा पूर्ण करनी होती है, तभी गुरु का आशीर्वाद प्राप्त होता है। यह परंपरा समाज में संस्कारों और शिव भक्ति को मजबूत करती है।श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और उत्साह ने पूरे आयोजन को और भी भव्य एवं ऐतिहासिक बना दिया। शिव भूमि सेवादल कमेटी ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
