किन्नौर (अनिल कुमार): कल्पा स्थित देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी से जिला किन्नौर के जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ एसडीएम कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, जिला लोकसंपर्क अधिकारी नरेंद्र शर्मा व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे है। इस दौरान अधिकारियों ने उनका हालचाल जाना। इसकेेे साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए युवा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह भी मास्टर श्याम शरण नेगी से किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी देश के चुनाव आयोग के ब्रांड एम्बेसडर है। ऐसे मे इनके कहने से लाखों युवा आगामी विधानसभा में मतदान के लिए प्रेरित हो इसलिए आज उनसे प्रदेश के युवाओं को संदेश देने का प्रशासन की तरफ से आग्रह भी किया गया है। इनके वीडियो संदेश को मीडिया व प्रशासन सोशल प्लेटफार्म के माध्यम से प्रकाशित करने का काम करेगा। ताकि प्रदेश का युवा आगामी विधानसभा चुनावों में अपने मत क़ा प्रयोग बढ़-चढ़कर करे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आज देश के प्रथम मतदाता को चुनाव आयोग की तरफ से भी सम्मानित किया गया है और कल्पा गांव के 18 वर्ष पूरा कर चुके नए मतदाताओं ने भी देश के प्रथम मतदाता से मुलाकात कर मतदान करने के लिए श्याम सरन नेगी से प्रेरणा ली है। आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि किन्नौर जिला के लोग खुशनसीब है कि आज देश के प्रथम मतदाता किन्नौर जिला से संबंध रखते है। उन्होंने अबतक हर चुनावों मे अपने मत का प्रयोग किया है जिससे देश के युवाओं को चुनावों मे अपने मत का प्रयोग करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि 105 वर्ष की आयु में भी देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी बिल्कुल स्वस्थ है और आने वाले विधानसभा चुनावों मे अपने मत का प्रयोग करने के लिए उत्सुक दिख रहे है।
