संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश की राजधानी शिमला के अस्पतालों में बढ़ रही भीड़ को कम करने के लिए सरकार ने अपना प्लान तैयार कर लिया हैं। शिमला के अस्पतालों में प्रदेशभर से मरीज अपना इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। यही वजह है कि इन अस्पतालों में हमेशा भीड़ लगी रहती हैं। अब इस भीड़ को कम करने के लिए सरकार प्रदेश की क्षेत्रीय व जिला स्तर के अस्पतालों को सुविधा संपन्न बनाने को लेकर काम कर रही हैं। यह बात गुरुवार को शिमला के अस्पतालों के दौरे पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कही।
उन्होंने कहा कि शिमला के विशेषज्ञ डॉक्टरों को आज की आधुनिक तकनीक के माध्यम से क्षेत्रीय ओर जिला अस्पतालों से जोड़ा जाएगा ताकि यहां मरीजों को इन विशेषज्ञों की सेवा मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री ने अपने इस दौरे के दौरान शिमला स्थित कमला नेहरू मातृ शिशु अस्पताल, दीनदयाल अस्पताल और मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल बालूगंज का दौरा किया और व्यवस्थाओं को जांचा। इस दौरान उन्होंने उचित दिशा निर्देश भी जारी किए ।
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने बताया कि शिमला शहर में अस्पतालों में प्रदेशभर के मरीज पहुंचते हैं जिस कारण यहां हमेशा भीड़ लगी रहती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि दूरदराज क्षेत्रों से भी लोगों को शिमला के अस्पतालों में आना होता है जिसके लिए प्रदेश सरकार अब प्रदेश के सभी क्षेत्रीय और जिला अस्पतालों को सुविधा संपन्न करने की कोशिश कर रही हैं, जिससे लोगों को घर के निकट ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिले । इसके अलावा शिमला के विशेषज्ञ डॉक्टरों को नवीनतम तकनीकों के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों के अस्पतालों से जोड़ा जाएगा ताकि वहां मरीजों को इन विशेषज्ञों की सलाह व परामर्श मिल सके ।
कोविड 19 के समय रखे गए स्वास्थ्य कर्मियों को जल्द मिलेगा वेतन
Covid 19 के समय रखे गए स्वास्थ्य कर्मियों को तीन माह से वेतन न मिलने के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने बताया की सरकार ने इनके लिए 4 करोड़ की राशि जारी कर दी हैं। जल्द ही उनको वेतन मिल जायेगा।
