बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंद्र
सिंह सुक्खू की अगवाई में प्रदेश विकास की नई गाथा लिखेगा। वहीं, सत्ता हाथ से जाने के बाद भाजपा नेता बौखला उठे हैं। यह बात जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने बिलासपुर प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से पेश किए गए बजट में हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया है। बजट को लेकर भाजपा नेताओं की बोलती बंद हो चुकी है।
आशीष ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से किसान, युवा, कर्मचारियों, महिलाओं सहित अन्य वर्गों को देखते हुए बजट प्रस्तुत किया। जिसका लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा। वहीं, विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के लिए सीवरेज प्रोजेक्ट, नया बस अड्डा, घुमारवीं आईटीआई में नए कोर्स, बरठीं आईटीआई को स्ट्राइव योजना में शामिल करना, हाईड्रो कॉलेज बिलासपुर में नए कोर्स को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का बजट ऐतिहासिक है और भाजपा नेता बजट देखकर परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।
