कुल्लू : एक तरफ फेस्टिव सीजन शुरू हो चुका है। बाजार में रौनक छाने लगी है। अब ट्रेंड है ऑनलाइन शॉपिंग का। लोग घर बैठे ही मनपसंद प्रोडक्ट ऑर्डर कर रहे हैं। दूसरी तरफ माहौल को देखते हुए ऑनलाइन खरीदारी करने वालों को निशाना बनाने के लिए ये साइबर शातिर तैयार हैं। यह ग्राहकों के साथ ठगी कर रहे हैं।

मीडिया सूत्रों के अनुसार कुल्लू जिले में एक युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ है। दरअसल शमशी में एक युवक ने एक कंपनी से ऑनलाइन 82,000 रुपए का ड्रोन मंगवाया था। उसने एक वेबसाइट पर जाकर यह ऑर्डर दिया था। 26 सितंबर को ऑर्डर की बुकिंग कन्फर्म होने के बाद उसे मेसेज भी आया। लेकिन जब 2 अक्तूबर को पार्सल आने पर उसने खोलकर देखा तो वह हैरान रह गया। पार्सल में ड्रोन की जगह खिलौना कार निकली।

ड्रोन के लिए उसके 82,000 रुपए खर्च हो चुके थे। इसके बाद उसने ऑर्डर की शिकायत कंपनी के अधिकारियों को की। इसके साथ युवक ने उसे ड्रोन देने की मांग रखी। इससे पहले भी कई लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हो चुके हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस साइबर क्राइम से बचने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।
