Mandi, Dharamveer ( TSN)-मंडी ज़िले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। एसआईयू टीम ने सुंदरनगर के डोडवां क्षेत्र में एक दंपति को 28 ग्राम चिट्टे के साथ धर दबोचा। यह कार्रवाई मंगलवार शाम चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
टीम ने नाके के दौरान मंडी की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से 28 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस कार में मुख्य आरोपी हितेश कुमार (32) अपनी पत्नी वंदना महाजन के साथ सवार था। दोनों लंबे समय से सुंदरनगर और बल्ह क्षेत्रों में नशे की तस्करी में संलिप्त थे।
पुलिस के अनुसार, जब दोनों को पकड़ा गया, तो उन्होंने टीम से चिट्टा छीनने की भी असफल कोशिश की। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही दोनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि आगे की जांच की जा सके।मुख्य आरोपी हितेश कुमार पर पहले भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं, जिससे साफ होता है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पुलिस अब इनके नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।
