विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: चैत्र नवरात्रों के आठवें दिन बुधवार को दुर्गा अष्टमी का पर्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में धूमधाम से मनाई गई । इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ ही माता रानी को विशेष भोग भी लगाया गया। चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारी सचिन कालिया ने विधिवत रूप से पूजा अर्चना की। सचिन कालिया के साथ ही अन्य पुजारियों ने सुबह 9 बजे माता रानी की पूजा अर्चना शुरू की थी जो दोपहर एक बजे तक चली।
इस पूजा अर्चना के बाद माता रानी को छप्पन प्रकार के भोग लगाए गए। चैत्र नवरात्र में दुर्गा अष्टमी के दिन सुबह व शाम माता के स्नान, श्रृंगार, आरती व कन्या पूजन के साथ दिन में भी ये सभी क्रियाएं विशेष तौर पर की जाती हैं। अष्टमी पूजन पर नारियल की बलि भी मां चिंतपूर्णी को दी गई। मंदिर में अष्टमी पूजन पर श्रद्धालुओं को चलते-चलते ही दर्शन हुए। कतारों में ही श्रद्धालुओं ने मां के दरबार मे हो रहा अष्टमी पूजन देखा।
वहीं, कई स्थानीय लोग भी अष्टमी के अवसर पर माता के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचे। ज्यादा भीड़ न होने के कारण श्रद्धालुओं को भी माता के दर्शन के लिए ज्यादा समय नहीं लगा। श्रद्धालुओं को दर्शन पर्ची प्राप्त करके ही माता के दर्शन करने के लिए भेजा गया। प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।
