विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के चिंतपूर्णी में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं को जल्द बाबा श्री माई दास सदन से लेकर चिंतपूर्णी मंदिर कॉम्प्लेक्स तक ई रिक्शा की सुविधा मिल सकती हैं। गुरुवार को यहां ई-रिक्शा का ट्रायल किया गया हैं जो सफल रहा हैं। चिंतपूर्णी बाबा श्री महिला सदन से लेकर मंदिर कॉम्प्लेक्स चिंतपूर्णी मंदिर तक ई-रिक्शा का ट्रायल किया गया,जिसमें डीसी ऊना राघव शर्मा ने स्वयं ई रिक्शा में बैठकर बाबा श्री माई सदन से लेकर चिंतपूर्णी मंदिर की यात्रा की।
इस दौरान एसडीएम डॉ. मदन कुमार भी उनके साथ उपस्थित रहे। डीसी ऊना राघव शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के आदेश अनुसार क्लीन और ग्रीन एनर्जी प्रोत्साहन के तहत चिंतपूर्णी मंदिर में ई-रिक्शा का ट्रायल बाबा श्री माई दास सदन से लेकर चिंतपूर्णी मंदिर कॉम्प्लेक्स तक किया गया जो कि सफल रहा। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को ई-रिक्शा के माध्यम से यह सुविधा मिल सके इसके लिए मंदिर न्यास प्रयासरत हैं।
लिओ पेन नामक एक स्टार्टअप हैं। इस ई रिक्शा का डिजाइन और तकनीक आईआईटी मंडी से प्रमाणित है। वहीं इसके किराए या इसको निशुल्क सुविधा देने के बारे में पूछे गए सवाल के बारे में डीसी ऊना ने जवाब देते हुए कहा कि ट्रायल सफल रहा हैं। आगामी ट्रस्ट की बैठक में इस बात पर चर्चा की जाएगी कि यह सुविधा श्रद्धालुओं को निशुल्क दी जाएगी या इसके कोई चार्जेज़ लिए जाएंगे।
