मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी शहर के पड्डल मैदान में केंद्र सरकार के खेलो इंडिया अभियान के तहत इनडोर स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जाएगा।इस स्टेडियम का डिजाइन तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इसकी डीपीआर बनाकर मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजी जाएगा।यह बात मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
इनडोर स्टेडियम का डिजाइन हुआ तैयार,अब डीपीआर भेजी जाएगी केंद्र सरकार को
अनिल शर्मा ने कहा कि खेलो इंडिया अभियान 2025-26 में संपन्न होने जा रहा है और इस स्टेडियम को इसी प्रोजेक्ट के तहत बनवाने के चलते ही इस कार्य को तेज गति के साथ किया जा रहा है।अनिल शर्मा ने बताया कि इस इनडोर स्टेडियम का अनुमानित बजट 28 से 30 करोड़ होगा जिसमें केंद्र सरकार की तरफ से 20 से 22 करोड़ की मदद मिल सकती है बाकी पैसा प्रदेश सरकार के माध्यम से मंजूर करवाने का प्रयास किया जाएगा।प्रदेश के माध्यम से डीपीआर भिजवाने के बाद वे केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करके इसके लिए जल्द से जल्द बजट प्रावधान करवाने का प्रयास करेंगे।
सभी तरह की इनडोर खेलों का होगा प्रावधान,करवाई जा सकेंगे इंटरनेशनल प्रतियोगिताएं
अनिल शर्मा ने बताया कि स्टेडियम निर्माण के लिए जमीन का खेल विभाग के नाम करवा दिया गया है और इसकी स्वाइल टेस्टिंग का कार्य भी हो चुका है।क्योंकि प्रदेश सरकार के पास बजट नहीं था तो उन्होंने विधायक निधि से इसके लिए 15 लाख देकर यह सारा कार्य करवाया है।इस स्टेडियम के दो फ्लोर होंगे जिसमें सभी प्रकार की इनडोर खेलों का आयोजन हो सकेगा।इसमें 12 टेबल टेनिस के टेबल, 10 मीटर की शूटिंग रेंज,4 स्कवेश कोर्ट,जुड्डो,बॉक्सिंग कोर्ट,12 बेडमिंटन और 3 वालीबाल कोर्ट बनाए जाएंगे।यहां पर भविष्य में हर तरह की इनडोर खेलों के राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय आयोजन भी करवाए जा सकेंगे, जिससे मंडी को एक नई पहचान मिलेगी।
