Mandi, Dharamveer-प्रदेश सरकार द्वारा लंबे समय से बकाया भुगतानों को रोकने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के ठेकेदारों का सब्र जवाब देने लगा है। सुंदरनगर में आयोजित एक बैठक में कुल्लू और मंडी जिले के दर्जनों ठेकेदारों ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
ठेकेदार बोले: मंत्री का 90 करोड़ भुगतान का दावा सरासर झूठ
ठेकेदार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष केशव नायक ने दो टूक कहा कि यदि सरकार के पास भुगतान के लिए धन नहीं है, तो पीडब्ल्यूडी मंत्री झूठे बयानबाजी बंद करें और सरकार एक श्वेत पत्र जारी करे।उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा 90 करोड़ रुपये के भुगतान का दावा झूठा है — ठेकेदारों को एक रुपया भी नहीं मिला। उन्होंने बताया कि जीएसटी जैसे जरूरी टैक्स चुकाने के लिए ठेकेदारों को अब बैंकों से कर्ज लेना पड़ रहा है।वर्तमान में सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल विंग्स से जुड़े करीब 1500 करोड़ रुपये के भुगतानों का मामला अधर में है। अधिकारियों को बार-बार निवेदन व नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा।एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द पारदर्शिता नहीं लाई गई और लंबित भुगतान नहीं किए गए तो वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
