नाहन/देवेन्द्र कुमार: पुलिस के एसआई पद के लिए अधिकतम आयु सीमा में 2 वर्ष की छूट देने की मांग को लेकर उम्मीदवारों ने एडीसी सिरमौर मुनेश कुमार यादव के माध्यम से सरकार को मांग पत्र भेजा। इस दौरान रोबिन सिंह ने बताया कि हाल ही में सरकार द्वारा एसआई के 72 पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी की है। इसके लिए विभाग ने आयु सीमा 21 से 26 वर्ष रखी है। इन पदों के लिए 30 सितंबर से आवेदन भी लिए जा रहे हैं। ऐसे में SI पद के उम्मीदवारो ने अधिकतम आयु सीमा में छूट देने की सरकार से मांग की है। जवानों का कहना है कि कोरोना के दौरान जिस प्रकार पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में 2 वर्ष की आयु सीमा में छूट दी गई थी। उसी प्रकार एसआई के उम्मीदवारों को भी अधिकतम आयु में 2 वर्ष की छूट दी जाए।
पड़ोसी राज्यों की सरकारों ने भी अधिकतम आयु सीमा में दी है छूट
उम्मीदवारों का कहना है कि पड़ोसी राज्यों की सरकारों ने भी अधिकतम आयु सीमा में छूट दी है। उत्तराखंड में यह अधिकतम आयु सीमा 28 से बढ़ाकर 29 की गई। जबकि पंजाब में पहले से ही अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष है। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर और मध्य प्रदेश में भी कोविड-19 के चलते अधिकतम आयु सीमा को 28 से बढ़ाकर 30 वर्ष किया गया है। उन्होंने अन्य जिलों के SI उम्मीदवारों से भी अपनी आवाज को बुलंद करने की अपील की।
