राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश के चुनावी युद्ध में नामांकन पत्रों का दौर निकलने के बाद अब चुनावी प्रचार और नुक्कड़ सभाओं का दौर शुरू हो चुका है। सभी राजनीतिक दलों के सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाओं के जरिए जनता को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजनीतिक दलों ने अपने दिग्गज नेताओं को भी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी मैदान में उतारा है। कुछ ऐसा ही कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में दिखाई दिया, जहां भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर के समर्थन में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने इस विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को लगभग 11 नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए हाल ही में गगरेट से पूर्व कांग्रेस विधायक राकेश कालिया के भारतीय जनता पार्टी में आने से गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी को बल मिलने का दावा किया और साथ ही साथ पूरे ऊना जिला में इसका प्रभाव पड़ने की भी बात कही। अनुराग ठाकुर ने पहले से अधिक मत प्रतिशत और सीटें लेकर दोबारा हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का भी दावा किया।
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो पर पैसे से टिकट खरीदे जाने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से कांग्रेस में गए भुट्टो पर कांग्रेस नेता विवेक विक्कू का हक मारे जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कुटलैहड़ में पर्यटन के माध्यम से विकास और रोजगार बढ़ाने का दावा किया। साथ ही उन्होंन शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बीजेपी सरकार की ओर से बेहतर कार्य किए जाने का भी दावा किया। कंवर ने जीत का आंकड़ा पहले से बढ़ने का भी दावा किया।
