राकेश, ऊना: चुनाव आयोग की ओर से प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तिथियां घोषित कर दी गई है। सभी राजनीतिक दल प्रदेश में चुनाव की घोषणा होने का इंतजार कर रहे थे। अब जैसे ही चुनाव आयोग की ओर से चुनावों की तिथियां घोषित की गई हैं और प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है, तो इस बीच राजनीतिक दल भी चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार नजर आ रहे हैं। प्रदेश में चुनाव की घोषणा होते ही तमाम राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत का दावा भी किया है।
भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पार्टी की युवा मोर्चा इकाई के जिलाध्यक्ष कमल सैणी ने प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा सरकार की वापसी का दावा किया है । उन्होंने विपक्ष की ओर से पीएम को बार-बार बुलाए जाने का कारण बीजेपी की स्थिति कमजोर होने पर पलटवार करते हुए कांग्रेस को भी अपने केंद्रीय नेताओं को चुनावी मैदान में बुलाए जाने की नसीहत दी है। वहीं कांग्रेस की तरफ से मोर्चा संभालते हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय डोगरा ने भी बीजेपी के मिशन रिपीट को नकारते हुए कांग्रेस की ओर से सरकार बनाए जाने का दावा किया है।
उन्होंने सत्ता में आते ही 10 दिनों में ओपीएस लागू किए जाने का भी दावा किया है। बीजेपी और कांग्रेस के साथ ही इन चुनावों में आम आदमी पार्टी भी शामिल हो चुकी है। आम आदमी पार्टी की तरफ से देवेंद्र वत्स ने भी पार्टी की ओर से हिमाचल प्रदेश में विजयी परचम लहराने का दावा किया है । अब देखना यह होगा कि इन तीनों दलों में से कौन अपने दावे पर खरा उतरता है।
