राहुल चावला, धर्मशाला: प्रदेश में चुनावी दंगल के बीच भाजपा पूरी तरह से मैदान में उतर चुकी है। भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट भी जारी कर दी है। उनके स्टार प्रचारकों और राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की ओर से लगातार प्रेस वार्ताएं की जा रही है। वहीं आज धर्मशाला में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया ज़ाहिर की हैं। उन्होंने कहा कि आज देवभूमि हिमाचल में सियासी दंगल छिड़ा हुआ है और राहुल गांधी देश को जोड़ने की बात कर्नाटक और केरल में कर रहे हैं जो बेहद हैरत की बात है। उनके इस गैर जिम्मेदाराना अंदाज़ से यह आंकलन साफ है कि वो हिमाचल को लेकर कितने सजग और गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हिमाचल आना चाहिए और अपने नेताओं की करतूतों का कच्चा चिट्ठा उजागर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जानते हैं कि हिमाचल गए तो पूर्व में उनकी सरकारों की तरफ से लिए गए प्रदेश विरोधी फैसलों के उन्हें जवाब देना पड़ेगा। प्रदेश से विशेष पैकेज छीन लेने का जबाव देना पड़ेगा।
संबित पात्रा ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि वो हिमाचल को लेकर कितने सीरियस हैं इसका अंदाज़ा उनके बीते कल वाले केदारनाथ दौरे से लगाया जा सकता हैं, जहां उन्होंने चंबा की एक बहन की ओर सर दिया गया चोला और डोरा पहनकर दर्शाया है। इतना ही नहीं साल 2014 में जब उन्होंने सत्ता संभाली तो तुरंत हिमाचल के विशेष पैकेज जिसमें 90-10 का रेशो है उसे बहाल किया, क्योंकि उनके दिल में हिमाचल विशेष तौर पर रहता है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रधानमंत्री मोदी को विकास पुरुष बताते हुए हिमाचल के भविष्य की इबारत लिखने वाला मसीहा करार दिया।
