Hamirpur, Arvind-:जल शक्ति विभाग (आईपीएच) हमीरपुर पर बिजली बोर्ड का करीब 29 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया हो गया है। लंबे समय से बिलों का भुगतान न होने के कारण यह राशि लगातार बढ़ती जा रही है। बिजली बोर्ड द्वारा कई बार आईपीएच अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद अब तक बकाया राशि जमा नहीं करवाई गई है।
बिजली बोर्ड के अनुसार, महीनों से भुगतान न होने के चलते आईपीएच विभाग सबसे बड़ा डिफॉल्टर बनकर उभरा है। अब बिजली बोर्ड आईपीएच अधिकारियों से बातचीत कर जल्द बकाया राशि वसूलने की कोशिश करेगा।इसके अलावा अन्य सरकारी विभागों, घरेलू और व्यवसायिक उपभोक्ताओं के पास भी बिजली बोर्ड के करोड़ों रुपये फंसे हुए हैं। कुल मिलाकर हमीरपुर में उपभोक्ताओं पर 34 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसको लेकर बिजली बोर्ड ने सख्त रुख अपनाते हुए करीब 1000 से 1200 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। तय समय में भुगतान न करने पर इनके बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे।बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं को सुविधा देते हुए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध करवाई है, ताकि बकाया राशि समय पर जमा हो सके।
— ई. आशीष कपूर, अधीक्षण अभियंता, बिजली बोर्ड हमीरपुर
“हमीरपुर में उपभोक्ताओं के पास बिजली बोर्ड के करीब 34 करोड़ रुपये फंसे हुए हैं। इसमें से 29 करोड़ रुपये जल शक्ति विभाग से वसूले जाने हैं। अन्य सरकारी विभागों और उपभोक्ताओं की सूची भी तैयार की गई है। करीब 1000 से 1200 डिफॉल्टरों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।”
