संजीव महाजन,नूरपुर: नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का जिम्मा नूरपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी अजय महाजन ने उठाया है। अजय महाजन ने कहा है कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में 5 लाख नौकरियां दी जाएंगी जिस हिसाब से नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में 7500 लोगों को रोजगार मिलेगा,लेकिन यहां के लोगों को रोजगार देने के लिए वह कांग्रेस का सत्ता में आने का इंतजार नहीं करेंगे बल्कि उन्होंने इसे लेकर अभी से ही काम करना शुरू कर दिया है। यह बात अजय महाजन ने मंगलवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान नुक्कड़ सभा के तहत कुलहान पंचायत, जोंटा गांव का दौरा कर वहां उपस्थित लोगों से कही।
अजय महाजन ने कहा कि यदि जनता उन्हें इस बार अपना प्रतिनिधि चुनती है तो वह क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के साथ साथ क्षेत्र के युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र में भरपूर रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्राथमिकता से कार्य करेंगे l
इस दौरान लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और उनका समर्थन किया। महाजन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ नूरपुर से बेरोज़गारी हटाना हैं। महाजन ने ज़ोर देते हुए कहा कि उन्हें भली भांति इस बात का पता है कि नूरपुर के युवा अच्छे रोज़गार के लिए बाहर के राज्यों और शहरों की तरफ कूच करने के लिए मजबूर हैं। नूरपुर के युवाओं को इस बेरोज़गारी की समस्या से उभारने के लिए वो नूरपुर में बड़ी उद्योग ओर लघु उद्योग लेकर आएंगे।
महाजन ने युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे अभियान बायो डाटा दो नौकरी लो को मिल रहे रुझान पर भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर ख़ुशी दिखाई। महाजन ने कहा कि उन्होंने कसम खाई हैं कि वह नूरपुर को एक शिक्षा केंद्र बनाने और युवाओं को हर संभव तरीके से बेहतर रोज़गार के अवसर प्रदान करने पे जोर देंगे।
वहीं अजय महाजन को समर्थन देने के लिए नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के खेल पंचायत से अशोक पठानिया, रमन सिंह और जोंटा निवासी मेहर चंद ने भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस प्रत्याशी अजय महाजन के समर्थन में कांग्रेस का हाथ थाम लिया हैं।
