अनिल कुमार,किन्नौर: जिला किन्नौर के मुख्यालय रिकांगपिओ में आयोजित राज्यस्तरीय किन्नौर महोत्सव के तीसरे दिन हजारों किन्नौरी महिलाओं ने मेगा नाटी की। आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान को शत प्रतिशत करने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत इस मेगा नाटी का आयोजन किया गया। किन्नौरी पारंपरिक परिधान में हजारों महिलाओं ने एक साथ मेगा नाटी में भाग लिया, जिसका शुभांरभ उपायुक्त किन्नौर एवं मेला कमेटी अध्यक्ष आबिद हुसैन सादिक ने किया।
इस किन्नौर नाटी में जिला के तीनों खंड से आए महिला मंडल की महिलाओं ने हिस्सा लेकर नाटी के माध्यम से लोगों को शत प्रतिशत मतदान करने के प्रेरित किया। स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी कुलदीप नेगी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान को शत प्रतिशत करने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत गांव , स्कूल, कॉलेज, महिला मंडल व युवक क्लब सहित जहां 2017 विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत कम रहा उन क्षेत्रों में भी जाकर उन्हें इस बार अपना मतदान शत प्रतिशत करने के लिए जागरुकता के साथ प्रेरित भी किया ।
उन्होंने कहा कि आज किन्नौर जिला में पहली बार एक मेगा किन्नौरी नाटी का आयोजन किया गया ताकि इस विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले सभी मतदाता 12 नवंबर के दिन अपना बहुमूल्य समय निकालकर अपने मत का प्रयोग कर सके।
