नालागढ़, सोलन | हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में नए साल के पहले दिन सुबह करीब पौने दस बजे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की गूँज 400-500 मीटर तक सुनाई दी और आसपास की बिल्डिंगों में व्यापक नुकसान हुआ। पुलिस थाना के पास हुई इस घटना में पुलिस थाने, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और मार्केट कमेटी भवन के शीशे चूर-चूर हो गए।
स्थानीय लोगों और घटनास्थल पर मौजूद प्रवासी मजदूरों ने बताया कि अचानक तेज धमाके की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चाय की दुकान पर बैठे लोग भी दहल गए और कई लोग डर के मारे भागने लगे। आर्मी अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. वालिद शाह ने बताया कि ओपीडी में बैठे समय अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी और उनके हाथ का चाय का कप गिर गया। अस्पताल की 9 खिड़कियां और दरवाजों के शीशे टूट गए।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि धमाका पुलिस थाना के आईओ रूम के पास स्थित गली में हुआ। घटनास्थल को तुरंत सील कर दिया गया और फॉरेंसिक टीम शिमला से बुलाकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में किसी जानी नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के इलाके की जांच कर रही है।
एसपी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि अभी तक धमाके के कारण स्पष्ट नहीं हैं और विशेषज्ञ ही इसकी सही जानकारी प्रदान कर पाएंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला स्थित अपने सरकारी आवास से कहा कि नालागढ़ धमाके की पूरी जानकारी पुलिस विभाग से ली जा रही है। जांच के बाद ही धमाके के कारणों और संभावित दोषियों के बारे में पूरी जानकारी सामने आएगी।
