बिलासपुर : सुभाष ठाकुर -किरतपुर-नेरचौक फोरलेन के साथ साथ भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी ब्रॉडगेज रेलवे लाईन निर्माण की वजह से जिले में औद्योगिक विकास व पर्यटन को नए पंख लगेंगे। औद्योगिक क्षेत्रों के बसाव को लेकर प्रशासन ने योजना पर काम शुरू कर दिया है।
जिला में चार हजार से ज्यादा बीघा जमीन पर फैक्टरियां स्थापित करने की योजना के तहत अभी एफसीए क्लीयरेंस के लिए प्रोसैस चलाया है। उपायुक्त आबिद हुसैन ने जिला को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने का इनिशियेटिव लिया है। अगले एक साल की अवधि में एफसीए क्लीयरेंस होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि जिले के चारों ब्लॉकों में कुल 4351.18 बीघा जमीन औद्योगिक क्षेत्र बसाने के लिए चयनित की गई है। ज्वाइंट इंस्पेक्शन के बाद अब चयनित जमीन की फॉरेस्ट क्लीयरेंस के लिए केस तैयार किए जा रहे हैं। अगले एक साल की अवधि में एफसीए क्लीयरेंस के बाद आगे की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। जिले को इंडस्ट्री हब के रूप में विकसित करना मुख्य मकसद है।
