मंडी (परी शर्मा): जिन्होंने स्कूटरों पर करोड़ों के सेब ढो दिए, वो अब प्रदेश के लोगों को झूठी गारंटियां देकर गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश के लोग झूठी गारंटियों के बहकावे में नहीं आने वाले और कांग्रेस को इसका करारा जबाव देंगे। यह बात मंडी जिला भाजपा के सह मीडिया प्रभारी कर्तव्य वैद्य ने मंडी से जारी प्रेस बयान में कही। कर्तव्य वैद्य ने कहा कि कांग्रेसियों को जयराम सरकार से सीखना चाहिए जिन्होंने बीना किसी गारंटी के प्रदेश का एक समान विकास किया और समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाया है। सिर्फ चुनावों में सत्ता हथियाने की लालसा को लेकर इस प्रकार की गारंटियां दी जा रही हैं।
इन गारंटियों की घंटियां अपने गले में बांधकर कांग्रेसी नेता अब गली-गली झूठा प्रचार करने के लिए निकल रहे हैं। कर्तव्य वैद्य ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को यहां गारंटियां देने के लिए बुलाया जा रहा है। सबसे पहले वो नेता बताएं कि जो दस गारंटियां वो प्रदेश के लोगों को देने की बात कह रहे हैं क्या उन्होंने अपने प्रदेशों में ऐसी गारंटियां दी या लागू की हैं। महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की बात करने वाले नेता अपने प्रदेश में इसे लागू क्यों नहीं करते।
बेरोजगारों को रोजगार देने वाले बताएं कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं वहां उन्होंने रोजगार के लिए क्या किया। टैक्नोलॉजी के इस युग में कांग्रेसी नेता आज भी बहुत पीछे हैं। उन्हें शायद यह नहीं मालूम कि लोग अब जागरूक हो चुके हैं। जो झूठे प्रलोभन वो प्रदेश के लोगों को दे रहे हैं प्रदेश के लोग उनकी इंटरनेट पर अपने स्तर पर ही जांच पड़ताल कर चुके हैं और यह जान चुके हैं कि यह सब छलावा और धोखा है। जनता को छलने का जो प्रपंच कांग्रेसी नेता रच रहे हैं वो प्रपंच इनपर ही भारी पड़ने वाला है।
