मंडी:धर्मवीर (TSN)-दिल्ली से आए एक परिवार के छह पर्यटकों के साथ पराशर जाते हुए पास को लेकर हुए विवाद के बाद मार*पीट का मामला सामने आया है।छह पर्यटकों में तीन महिलाएं व तीन पुरूष हैं।घटना में एक महिला व तीन पुरुष घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी युवाओं के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।जबकि अन्य की संलिप्तता को लेकर जांच जारी है।
पर्यटक वाहन का पीछा कर अन्य युवा बुलाए,फिर की मारपीट
जानकारी के अनुसार बीते 27 जून को नई दिल्ली के मुखर्जी नगर के रहने वाले पर्यटकों की पराशर जाते हुए सेगल के पास सड़क पर गाड़ी की पास को लेकर कुछ स्थानीय युवकों के साथ कहासुनी हुई। इस कहासुनी के बाद जब ये पर्यटक पराशर की तरफ आगे निकल गए तो इन युवकों ने इनका पीछा किया। इसी के साथ अन्य युवकों को बुलाकर पराशर के पास इन्हें रोका और इनके साथ मार*पीट की। मार*पीट में एक महिला व तीन पुरुषों को चोटें आई हैं। पर्यटकों ने पुलिस को सूचित किया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले पर्यटक पराशर से पनारसा को चले गए थे। जहां से औट थाना की मदद से इन्हें मंडी लाया गया और जोनल अस्पताल मंडी में इनका मेडिकल करवाकर आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पधर में मामला दर्ज किया गया।
पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान करके पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।जिन्हें रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।मामले मे कुछ अन्य आरोपियों की भी संलिप्तता हो सकती है।जिसकी जांच जारी है।बताया कि आरोपियों द्वारा घटना में प्रयोग की गई कार व बोलेरो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया गया है। बताया कि मामले में जांच जारी है।
