मंडी : धर्मवीर (TSN)- हिमाचल प्रदेश में फ्रॉड क्रिप्टोकरंसी मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। हजारों करोड़ रुपए में हुए इस फ्रॉ+ड की शिकायतें निवेशक संबंधित थानों में दर्ज कर रहे हैं। सुंदर नगर के धनोटू थाना में इस मामले को लेकर एक प्राथमिक की दर्ज की गई है। जिसमें 65 लाख के निवेश को लेकर हुई ठगी की बात सामने आई है।
मामले में पहले भी कई मामलों में नामजद मंडी के सुभाष शर्मा सहित चार लोगों के खिलाफ धनोटू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह निवेश 2020 में किया गया था। जिसमें आरोपियों ने 11 माह में दोगुना पैसे करने का पीड़ितों को झांसा दिया था और अपने प्रियजनों व दोस्तों को भी इस स्कीम में जोड़ने को कहा था। आरोपियों के आश्वासन के बाद शिकायतकर्ता ने करीब 65 लाख रुपये का निवेश कराया। निवेश के बाद आरोपियों ने नजरअंदाज करना शुरु कर दिया। जिसके बाद अब ठ+गी को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार धनोटू थाना में दर्ज प्राथमिकी में राकेश गुप्ता पुत्र मुरारी लाल गुप्ता ने कहा है कि 2020 में कमल शर्मा पुत्र मीरा देवी निवासी गांव खिलड़ा तहसील सुंदरनगर, विपिन ठाकुर पुत्र शेर सिंह निवासी गांव चुरढ़ तहसील सुंदरनगर, हेमराज ठाकुर पुत्र बलिभद्र ठाकुर निवासी गांव टिल्ली तहसील सदर मंडी और सुभाष शर्मा पुत्र स्व.बिशन दास निवासी मकान नंबर 83/9 भगवान मोहल्ला मंडी ने वर्ष 2020 में उससे संपर्क किया और डिजिटल मुद्रा कोरवियो की विभिन्न निवेश योजनाओं के बारे में अवगत कराया और उसे इस योजना बारे अपने प्रियजनों व दोस्तों को भी बताने को कहा। आरोपियों ने उसे आश्वस्त और वादा किया कि 11 माह में निवेश की राशि दोगुनी मिलेगी। जिसके बाद उसने और अपने दोस्तों से करीब 65 लाख का इसमें निवेश कराया। लेकिन बाद में आरोपियों ने उसे और अन्य निवेशकों को नजरअंदाज करना आरंभ कर दिया और खुद संपत्तियां खरीदनी शुरु कर दी और उनकी राशि को रोक दिया। पुलिस अधीक्षक मंडी सौम्या संबाशिवन ने बताया धनोटू थाना में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।
