Chamba,Manjur Pathan-:चंबा जिला के प्रसिद्ध और बेहद खूबसूरत पर्यटन स्थल साच पास में सीजन की पहली बर्फबारी होने से पूरे इलाके ने सफेद चादर ओढ़ ली है। बीते दो दिनों से हो रही बर्फबारी के चलते पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। भारी बर्फ जमने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही संभव नहीं है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चुराह प्रशासन ने साच पास की ओर यात्रा करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि मौजूदा मौसम परिस्थितियों में इस मार्ग पर जाना जानलेवा साबित हो सकता है। बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है और कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह ढक चुकी है।प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे साच पास की ओर जाने का प्रयास न करें। इसके साथ ही बॉर्डर पुलिस और स्थानीय पुलिस को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि कोई भी व्यक्ति या पर्यटक इस मार्ग की ओर आगे न बढ़े। चेक पोस्टों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।इस संबंध में एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सीजन की पहली बर्फबारी के बाद साच पास मार्ग पूरी तरह बंद हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता और सड़क से बर्फ हटाकर मार्ग सुरक्षित नहीं किया जाता, तब तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि आम लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही से बड़ी दुर्घटना हो सकती है, इसलिए सभी से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
