राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना सदर थाना के तहत आते गांव कुठार कलां में एक दर्दनाक हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजन जसवाल पुत्र कुलदीप जसवाल और अमल, पुत्र नंद लाल निवासी सलोह, विशाल चौधरी उर्फ अमनदीप, पुत्र वलदेव सिंह निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह,पुत्र दर्शन सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल जिला रुपनगर पंजाब व अनूप सिंह, पुत्र जनक राज निवासी झलेड़ा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बीती रात संतोषगढ़ से ऊना जा रही पंजाब नंबर की इनोवा गाड़ी गांव कुठार कलां में सड़क किनारे लगे खंबे से टकराने के बाद खेतों में पलट गई। हादसे की सूचना लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गाड़ी को सीधा किया। इस हादसे में सलोह निवासी राजन जसवाल व अमल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि हादसे में घायल कार चालक विशाल चौधरी निवासी मजारा, सिमरन जीत सिंह निवासी हाजीपुर तहसील नंगल व अनूप सिंह निवासी झलेड़ा को ऊना अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई।

पुलिस ने पांचों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखा है। यहा उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया है की एक कार एक्सीडेंट में पांच युवकों की मौत हो गई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादेस पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भी दुख व्यक्त किया है।
राजनेता भी पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में लोगों और राजनेताओं का पहुंचना शुरू हो गया है। कांग्रेस और बीजेपी के नेता परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती, हिमाचल उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राम कुमार शर्मा, कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा सहित तमाम लोग अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने इस दुखद हादेस पर खेद प्रकट किया और परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी प्रकट की है।
