किन्नौर (अनिल कुमार): हिमाचल प्रदेश में हो रही बारिश के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। किन्नौर जिला में भी बारिश ने तबाही मचा रखी है। भारी बारिश की वजह से जिला के ठंगी व पागल नाले में बाढ़ के कारण काफी ज्यादा मलबा आ गया है जिसकी वजह से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया है। जिला के पूह खंड के मुरंग तहसील के तहत ठंगी गांव के समीप नाले में अचानक बारिश के शुरू होते ही वीरवार सुबह से करीब 4 बार भयंकर बाढ़ आई है, हालांकि इस बाढ़ के चलते किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है। प्रशासन सड़क बहाली के काम में जुटा हुआ है और जल्द ही दोनों स्थानों पर सड़क बहाल कर दी जाएगी। इतना ही नहीं बारिश के चलते किन्नर कैलाश यात्रा पर भी संकट मंडरा सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से किन्नर कैलाश यात्रा को अभी तक नहीं रोका गया है।
