चिंतपूर्णी,विकास -:गंगोट पंचायत के मोइन स्थित प्राचीन शनि देव मंदिर में शनि जयंती का पर्व इस वर्ष भी पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शनि देव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ से गुलजार रहा तथा पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा नजर आया।
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शनि देव के विशेष पूजन और अभिषेक से हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में हवन यज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।दोपहर के समय विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था ग्रामीणों और मंदिर समिति द्वारा मिलकर की गई थी। आयोजन में महिलाओं की भागीदारी भी विशेष रूप से देखने को मिली। स्थानीय महिला मंडल ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। भक्तिमय संकीर्तन से मंदिर परिसर देर शाम तक गूंजता रहा।मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि मोइन शनि देव मंदिर में हर वर्ष शनि जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई जाती है और इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शनि देव को न्याय और कर्मफल के देवता के रूप में पूजा जाता है तथा उनकी कृपा से जीवन में सुख और संतुलन बना रहता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों और युवाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
TAGGED:
Chintpurni Moin Shani Dev temple
Chandrika
