Mandi,Dharamveer(TSN) — एक वर्ष के लंबे इंतजार के बाद मंडी जिले के झीड़ी में प्रस्तावित फ्लाईओवर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है।इस परियोजना पर 55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।यह जानकारी कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने दी।उन्होंने बताया कि मंडी जिले के तीन प्रमुख स्थानों — झीड़ी, डडौर और नागचला — पर फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए थे। फिलहाल केवल झीड़ी फ्लाईओवर को स्वीकृति मिली है,जबकि डडौर और नागचला के प्रस्तावों को मंजूरी मिलने का इंतजार है।
वरुण चारी ने बताया कि ये तीनों क्षेत्र यातायात की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील हैं,जहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहन क्रॉस करते हैं।फ्लाईओवर न होने के कारण यहां अकसर दुर्घटनाएं होती हैं और लंबे ट्रैफिक जाम भी लगते हैं,जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई गई है।झीड़ी में फ्लाईओवर बनने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।डडौर और नागचला के फ्लाईओवरों के लिए भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई गई है।
