Una,Rakesh(TSN)-डिप्टी मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज हरोली के रामपुर पुल के समीप समनाल चौक से सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यह मैराथन समनाल से रामपुर पुल तक जाएगी और फिर समनाल चौक लौटेगी।
खेलों से जोड़कर युवाओं को नशे से दूर करेंगे
मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ने बताया कि हिमाचल प्रदेश परिवहन विभाग और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन किया गया है।बच्चों में इस मैराथन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है।होली उत्सव के अवसर पर राज्यपाल द्वारा भी नशा मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया था।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ कई सख्त कानून बनाए हैं और पुलिस व प्रशासन इसके क्रियान्वयन में सक्रियता से कार्य कर रहे हैं।खास तौर पर सिंथेटिक ड्रग्स (चिट्टा) के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजनों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
