नाहन /देवेन्द्र कुमार – 7 से 9 सितम्बर तक आयोजित किए जा रहे सिरमौर जिला के सराहां के प्रसिद्ध वामन द्वादशी मेला की प्रथम संध्या पर लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समय बांधा और लोगों का खूब मनोरंजन किया। इस अवसर पर लोक कलाकार दिलीप सिरमौरी और रीना ठाकुर ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां दी। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों ने भी श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
गत सांय आयोजित सराहां मेला मैदान में आयोजित प्रथम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने शिरकत की।इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए बलदेव भंडारी ने कहा कि सराहां का ऐतिहासिक वामन द्वादशी मेला कोरोना संकट के कारण गत दो वर्ष आयोजित नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि आज कोरोना के खौफ से आमजन मुक्त हो गया है और यही वजह है कि हम सब खुले वातावरण में इस मेले का आनंद ले रहे हैं। बलदेव भंडारी ने कहा कि आज पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र के सराहां में एसडीएम कार्यालय के साथ लोक निर्माण विभाग का डिविजन खुल गया है और बिजली विभाग का डिविजन शीघ्र ही क्रियाशील होगा। इसके अलावा सराहां में 100 बिस्तर वाले अस्पताल की शुरुआत भी हो गई है।
