बिलासपुर : सुभाष ठाकुर -बिलासपुर जिला में पहली बार सज रहे राज्यस्तरीय नाट्य उत्सव में रंगमंच के जरिए कलाकार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। अभी तक शिमला व कुल्लू सहित अन्य जिलों में ही इस तरह के आयोजन होते थे रहे हैं, लेकिन यह सौभाग्य इस बार बिलासपुर को मिला है।
भाषा एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर के सौजन्य से 23 से लेकर 27 मई तक बहुउद्देशीय सांस्कृतिक परिसर में यह नाटयउत्सव सजेगा । जिसमें प्रदेश भर के जिलों से कलाकार अपने अपने जिलों से संबंधित फोक व मॉडर्न थियेटर के तहत नाटक पेश कर जनता का मनोरंजन करेंगे। हर दिन नाट्यमंचन दो घंटे की अवधि का होगा। नाट्यउत्सव के भव्य आयोजन को लेकर विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।यह जानकारी बुधवार को यहां बचत भवन में उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले के लिए यह बड़े ही गर्व का विषय है कि पहली मर्तबा राज्यस्तरीय नाटय उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्यस्तरीय नाट्य उत्सव का शुभारंभ 23 मई सायं 5 बजे किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन नाटकों का मंचन सायं 5 बजे से से 7 बजे तक किया जाएगा और इस कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क रहेगा। उपायुक्त ने जिला की जनता से आग्रह किया है कि वे इस नाटय उत्सव का लुत्फ उठाने के लिए अपने बच्चों के साथ जरूर आएं।
