बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: हिमाचल में मिशन रिपीट के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरी भाजपा अपने कुनबे को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। भाजपा के यह प्रयास सिरे भी चढ़ रहे हैं। दूसरे दलों के प्रभावशाली नेता लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। मंगलवार को पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने आवास पर उन्हें टोपी व पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हर्ष महाजन भी इस मौके पर मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत में जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं गतिशील नेतृत्व में देश नित नई बुलंदियां हासिल कर रहा है। उनकी नीतियों और योजनाओं से भारत पूरे विश्व में बेहद तेजी से आगे बढ़ रहा है। कई अन्य दलों के नेता भी मोदी की इस मुहिम में जुड़कर अपना योगदान देना चाह रहे हैं। इसी कड़ी में मेजर विजय सिंह मनकोटिया भी भाजपा में शामिल हुए हैं। हर्ष महाजन काफी समय से उनसे संपर्क में थे। उन्होंने विश्वास जताया कि मनकोटिया के आने से भाजपा और अधिक मजबूत होगी।
मेजर मनकोटिया ने कहा कि पूर्व सैनिक कई दशकों से वन रैंक वन पेंशन के लिए संघर्ष कर रहे थे। यूपीए सरकार के आखिरी दौर में इसे लागू करने के लिए महज 500 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान करके औपचारिकता निभा दी। 2014 के चुनाव से पहले मोदी ने वादा किया था कि भाजपा के सत्ता में आने पर पूर्व सैनिकों की यह मांग सही मायनों में पूरी की जाएगी। सत्ता में आने के कुछ ही समय बाद उन्होंने अपना वादा निभाते हुए इसके लिए लगभग 17 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया। देश में परिवर्तन की लहर को देखते हुए वह भी इस कार्य में योगदान देना चाहते हैं। यह उनका सौभाग्य है कि दिवाली पर्व के शुभ अवसर पर उन्हें भाजपा में आने का मौका मिला है। इसके लिए वह नड्डा के आभारी हैं। उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी वह उसे निभाएंगे।
