अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद चुनावी माहौल पूरी तरह से गर्मा चुका है। अभी तक कांग्रेस और भाजपा की ओर से टिकट आवंटन नहीं किया गया है और ना ही उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, लेकिन अब जब चुनावों की घोषणा हो चुकी है तो टिकट की दावेदार भी खुलकर सामने आने लगे है। चुनावों की घोषणा होने के बाद हमीरपुर में भोरंज विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल धीमान ने भाजपा के टिकट पर अपनी दावेदारी जताई है।
डॉ.अनिल धीमान ने उम्मीद जताई हैं कि पार्टी इस बार उन्हें भोरंज विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का चेहरा घोषित करेगी। पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए डॉक्टर धीमान ने कहा कि अगर पार्टी उन्हें टिकट नहीं देती है तो वह कार्यकर्ताओं के आदेश पर निर्दलीय भी चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं उन्होंने भोरंज में भाजपा विधायक की ओर से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी को भी दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
पूर्व विधायक व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनिल धीमान ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक के बाद पार्टी से टिकट मांगा है और उम्मीद जताई है कि पार्टी उनकी निष्ठा को देखते हुए इस बार टिकट ज़रूर देगी। वहीं उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा विधायक की कार्यप्रणाली से भोरंज में वरिष्ठ कार्यकर्ता नाराज चल रहे है और विधायक उनकी आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाई है। डॉ.अनिल धीमान ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ सदस्यों की साढ़े 4 साल में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में उपेक्षा हुई हैं जिसके बारे में उन्हें कई बार अवगत भी करवाया गया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण था जिसके चलते क्षेत्र में विधायक के खिलाफ रोष है और जनता चाहती है कि वह चुनाव लड़े।
