बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा है कि उन पर जानलेवा हमला करने वाले शूटर्स भाजपा समर्थित हैं और इनका संबंध चिट्टा तस्करी से जुड़ा है।शुक्रवार को बिलासपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है,जिनमें पांच स्थानीय युवक शामिल हैं,जो पहले भी नशा तस्करी जैसे मामलों में संलिप्त रहे हैं और सदर के भाजपा विधायक के नजदीकी माने जाते हैं।
भाजपा विधायक पर माहौल खराब करने का आरोप
बंबर ठाकुर ने प्रेस वार्ता के दौरान सदर क्षेत्र के मौजूदा भाजपा विधायक पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा हटाने की लगातार मांग वही विधायक कर रहे थे,यहां तक कि विधानसभा में भी उन्होंने यह मुद्दा उठाया।बंबर ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुरक्षा हटाने की यह मांग इसलिए की जा रही थी ताकि हरियाणा से आए शूटर्स और स्थानीय चिट्टा तस्कर अपने मंसूबों में कामयाब हो सकें।पूर्व विधायक ने इस दौरान भगवान,स्थानीय जनता और उन भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया, जिन्होंने फोन पर या सोशल मीडिया के माध्यम से उनके प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।उन्होंने कहा कि यह हमला न सिर्फ एक व्यक्ति पर था,बल्कि सदर क्षेत्र की शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल है।
