सोलन :योगेश शर्मा – रविवार को सोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 79वीं जयंती मनाई। सोलन कांग्रेस ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार सहित कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यों को याद कर पद चिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 79वीं जयंती है। देशभर में उन्हें याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज अगर 18 वर्ष का युवा वोट दे पा रहा है तो राजीव गांधी की देन है। पंचायती राज को सुदृढ़ करने, महिलाओं के सशक्तिकरण और सूचना प्रौद्योगिकी में हुआ विकास राजीव गांधी की सोच का नतीजा है। जिससे आज देश डिजिटल इंडिया की तरफ बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि भारत रत्न स्व. राजीव गांधी देश के आधुनिक सोच वाले नेता थे। देश में कंप्यूटर युग की शुरुआत उन्हीं के प्रयासों से हुई। आज भी उनके विचार प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के रचनाकार थे। उनके प्रयास से देश में कंप्यूटर क्रांति आई। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के योगदान को देश की जनता कभी नहीं भूल पाएगी।
