सोलन/योगेश शर्मा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेता हिमाचल में आकर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।
इसी कड़ी में दून विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी हल्के में मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बन रही है। वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी को वोट कटुआ पार्टी करार देते हुए आनंद शर्मा ने कहा कि वे सिर्फ हिमाचल प्रदेश में वोट काटने के लिए आए हैं लेकिन हिमाचल प्रदेश में उनका कोई भी वजूद नहीं है। आनंद शर्मा ने कहा कि 5 सालों में प्रदेश की जयराम सरकार कुछ भी नहीं कर पाई है।
ऐसे में वोट की चोट करके इस बार हिमाचल प्रदेश की जनता भाजपा को करारा जवाब देने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग महंगाई बेरोजगारी से परेशान है। वहीं कर्मचारियों के साथ जो व्यवहार 5 सालों में जयराम सरकार ने किया उसका जवाब देने के लिए कर्मचारी भी तैयार है।
