कुल्लू (मनमिन्दर अरोड़ा): पिछले 14 वर्षों से सामाजिक कार्य कर रही प्रयास फाउंडेशन भुंतर भी तुषार की सहायता के लिए आगे आई है। बता दें कि पिछले दिनों सोशल मीडिया और कई अखबारों मे मणिकरण घाटी के तुषार की इलाज के लिए आम जन मानस से मदद मांगी गई थी और लोग आगे भी आ रहे हैं। तुषार जिसकी सिर की एक बड़ी सर्जरी पी जी आई चंडीगढ़ में होनी है। जिसमें लगभग आठ लाख का खर्च अनुमानित है। परिवार में पिता दो वर्षों से लकवा ग्रस्त है और माता की मृत्यु हो चुकी है। एक भाई और बहन हर समय उसकी देखभाल में लगे हुए है। भाई छोटी सी दुकान करता है जो आजकल बंद पड़ी है। आय का कोई साधन नहीं है। सब कुछ बीमारी पर खर्च हो गया है।
स्थानीय संस्थाएं और हर वर्ग के लोग सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। प्रयास फाउंडेशन भुंतर ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में आकर कार सेवा दल संस्था द्वारा जरूरतमंद लोगों को चलाई जा रही दूध की सेवाओं में ही अपना योगदान नहीं दिया बल्कि तुषार के इलाज के लिए भी दस हजार का चेक उसके परिवार को सौंपा है। इस नेक कार्य में प्रयास फाउंडेशन से सुरेश गोयल, हीरालाल बौद्ध , संजय नागल और कार सेवा से मनदीप सिंह मौके पर मौजूद रहे। संस्था के संरक्षक हीरा लाल ने कहा कि संस्था तुषार के ठीक होने तक उसके इलाज के लिये हर माह भी एक हजार रुपये की सहायता प्रदान करेगी।
