नाहन (देवेन्द्र कुमार): पच्छाद चुनाव क्षेत्र के अंतर्गत गांव बनाह की सेर के सेवानिवृत्त हवलदार बाबूराम चौहान ने शिक्षक दिवस पर अनोखी पहल करते हुए उच्च विद्यालय बनाह की सेर को एक लाख एक हजार की धनराशि विद्यालय में बन रहे टेबल टेनिस हाल के लिए दान की। विद्यालय मुख्याध्यापक राकेश शर्मा के प्रयासो से निर्मित हो रहा टेबल टेनिस का यह भवन संभवत इस क्षेत्र का पहला भवन होगा। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों छात्राओं को घर पर ही बेहतर खेल सुविधाएं प्राप्त होगी।
गौरतलब है कि विद्यालय मे इस भवन का निर्माण पूर्ण रूप से लोगों के सहयोग से किया जा रहा है। बाबूराम राम के छोटे पुत्र आलोक चौहान ने बताया कि बाबूराम राम चौहान प्रतिवर्ष अपनी पेंशन से हजारों रुपए की सहयोग राशि उदयपुर राजस्थान में स्थित नारायण सेवा संस्थान को गरीब बच्चों के मुफ्त ऑपरेशन के लिए देते आ रहे हैं। बाबूराम के सभी बच्चे व्यवसायिक तौर से आत्मनिर्भर है।
बाबूराम खुद 85 साल की आयु में भी स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर है। इसके अतिरिक्त बाबूराम चौहान ब्रह्मकुमारी संस्था से जुड़े हैं तथा नियमित रूप से अपनी धार्मिक दिनचर्या करते हें। विद्यालय के मुख्याध्यापक राकेश शर्मा ने बताया कि इस सहयोग राशि से बहुत जल्दी टेबल टेनिस हाल तैयार हो जाएगा। जिसका नामकरण स्वर्गीय सुगना देवी के नाम पर किया जाएगा तथा बाबूराम चौहान को सपरिवार उसके उद्घाटन पर विशेष आमंत्रित किया जाएगा।
