कुल्लू (मनमिन्दर अरोड़ा): प्रदेश भर में जहां अध्यापक दिवस की धूम रही। वहीं कुल्लू जिला की शिलीहर पंचायत के नरोगी प्राइमरी स्कूल में अध्यापक न होने का आक्रोश दिवस मनाया गया। पिछले दो वर्षों से प्राइमरी स्कूल नरोगी एक अध्यापक के सहारे चल रहा है जबकि स्कूल में 70 बच्चे अध्ययनरत है। ग्रामीणों में आक्रोश है और ग्रामीणों ने स्कूल में एकत्र होकर सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनके बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब रहा है और विभाग व सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। स्कूल प्रंबधन समिति के प्रधान गंभीर दास ने बताया कि उन्होंने इस बारे में कई बार उप शिक्षा निदेशक कुल्लू को लिखित व मौखिक तौर पर अवगत करवाया है लेकिन उनकी मांग पर कोई भी गौर नहीं फरमाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से यह स्कूल एक ही अध्यापक के सहारे चल रहा है और स्कूल में 70 बच्चे पढ़ रहे हैं।
पंचायत उप प्रधान एल राम,वार्ड सदस्य नरेश कुमार,बालक राम,कांता देवी,गंगा देवी,तारा चंद,महेश्वर सिंह,राकेश कुमार,गीता देवी,हेम राज,श्याम चंद,बुध राम,दिनेश कुमार,लेस राम,अमित कुमार,कमलेश कुमार,मनोज कुमार,रुकमणी, संगीता,सुदर्शना, लतु देवी सहित दर्जनों ग्रामीणों ने आक्रोश प्रकट करते हुए कहा है कि जल्द अन्य अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की जाती है तो स्कूल में ताला लगाया जाएगा।
