बिलासपुर, सुभाष-: विजयपुर स्थित चेतना संस्था परिसर में सोमवार को नि:शुल्क कैंसर जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के 352 लोगों ने पहुंचकर विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया। शिविर में झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जीत राम कटवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।शिविर का आयोजन चेतना संस्था, कृष्णा उत्कर्ष संस्थान और वर्ल्ड कैंसर केयर के संयुक्त सहयोग से किया गया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में रक्तचाप और शुगर की जांच के साथ पुरुषों के लिए प्रोस्टेट कैंसर की पहचान हेतु PSA टेस्ट किया गया। महिलाओं और पुरुषों में मुंह एवं रक्त कैंसर की जांच भी की गई।
महिलाओं के लिए मैमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा आंखों की जांच के साथ अस्थि रोग, स्त्री रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग, शिशु रोग और सामान्य स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की भी चिकित्सकों ने जांच की।इस अवसर पर विधायक जीत राम कटवाल ने कहा कि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान होने पर उपचार अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने आयोजक संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।चेतना संस्था के सचिव हरीश नड्डा ने कहा कि संस्था का प्रयास समाज के सभी वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता पहुंचाना है। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, संस्थाओं और स्थानीय लोगों का आभार जताया।शिविर के दौरान कुल 352 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्रदान की गई।

