हमीरपुर (अरविंदर सिंह): आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए है। आवेदन मांगने के बाद से ही हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से आवेदन करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं आज हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र 38 से हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया ने भी अपनी टिकट की दावेदारी पेश की है। पुरषोत्तम कालिया ने भी चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है। अपने आवेदन के पीछे उन्होंने तीन प्रमुख कारण भी बताएं है। उन्होंने दावा किया कि अगर पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह सबको साथ लेकर हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र पार्टी का परचम लहरा कर क्षेत्र के विकास में नए आयाम स्थापित करेंगे।
आवेदन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पुरुषोत्तम कालिया ने बताया कि उनका परिवार पूर्व समय से ही कांग्रेस के साथ जुड़ा था और उनके पिता कामरेड अमीचंद ने स्वतंत्रता की लड़ाई में भी अहम योगदान देने के बाद क्षेत्र का प्रतिनिधित्व विधानसभा में किया था। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सरकार विकास करवाने में पूरी तरह असफल साबित हुई है और देश व प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का बोलबाला हुआ है जिसके खिलाफ लोगों में गहरा आक्रोश है।
कालिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी महासंघ की बैठकों में भी प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से महासंघ के लिए टिकट की मांग रखी गई थी। उन्होंने कहा कि महासंघ की विभिन्न मांगों को बार-बार प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया गया था, लेकिन उनकी मांगों पर आज तक गौर नहीं फरमाया गया जिसके चलते प्रदेश के सभी स्वतंत्रता सेनानी परिवारों में गहरा रोष है ।
